गुरसहायगंज। भूसा डालने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसमें चार माह की मासूम बच्ची की जान चली गई है। नीरज का आरोप है कि उसके पिता और मामा नशे की हालत में गालीगलौज कर रहे थे। पत्नी ने जब भूसा डालने से रोका तो मौसी ने चार माह की बच्ची को उसकी गोद से छीन कर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी नौरंगपुर क्षेत्र के गांव गौहना खेड़ा निवासी नीरज बाथम ने बताया कि शुक्रवार की देर रात पिता लालता प्रसाद और मामा विक्की घर में भूसा डाल रहे थे। धूल उड़ने पर पत्नी ज्योति ने मामा को मना किया तो वह गाली देने लगा। इससे पहले पिता व मामा शराब पीकर घर आए थे। ज्योति से विवाद के दौरान उसकी सौतेली मां रेखा देवी आईं और ज्योति के साथ मारपीट करने लगी। इसी दौरान उसने गोद से चार माह की बेटी तन्वी को छीन लिया और उसे जमीन पर पटक दिया। वह बेटी को लेकर अस्पताल गया तो वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसने घटना की सूचना पुलिस को दी थी।
नीरज के मुताबिक पिता की तीन शादियां हुईं हैं, जिसमें पहली मां का निधन हो गया। इसके बाद दूसरी शादी बेबी से की तो उसका जन्म हुआ। नीरज सबसे बड़ा है। उसके बाद धीरज, हरिओम और विवेक हैं। सुषमा छोटी बहन है। मां के निधन के बाद पिता ने उसकी सगी मौसी बेहटा खास निवासी रेखा देवी से तीसरी शादी कर ली। रेखा देवी आए दिन उससे व उसकी पत्नी से झगड़ा करती है। उसका मामा भी बहन के घर रहकर खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता है। वह रेखा के इशारे पर ही चलता है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस वारदात के पीछे कोई बड़ी रंजिश नहीं थी। नशेबाजी में भूसा उड़ने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में बच्ची जमीन पर गिर गई है, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।