कन्नौज। कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में मंगलवार को मास्टर ट्रेनर्स का अंतिम प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि पोलिंग बूथ पर दो-दो घंटे के अंतराल पर वोटिंग प्रतिशत की सूचना वीटीआर एप पर देनी होगी। इस संबंध में प्रशिक्षण के दौरान विस्तार से जानकारी दी जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस बार बूथ पर ऐसा प्रयास करें, जिससे अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत हो। निर्वाचन प्रक्रिया के कार्य में हमको निष्पक्ष दिखना है और निष्पक्ष कार्य भी करना है। प्रशिक्षण जितना छोटे ग्रुप में होगा उतना ही अच्छा होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थी ध्यानपूर्वक अध्ययन करें। निर्वाचन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ईवीएम को जिस वाहन से लेकर जाएंगे, उसी वाहन से लेकर आएंगे। इस बार ईवीएम में पीला स्टीकर लगा होगा। माॅक पोल की ट्रेनिंग में विस्तार से जानकारी देने के साथ ही टेंडर वोट एवं चैलेंज वोट के संबंध में बताया जाए। प्रशिक्षण के पहले एवं बाद में उपस्थिति ली जाए। निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारी इस बार ईडीसी के माध्यम से मतदान कर सकेंगे। इसके लिए कर्मचारी को फार्म 12ए भरना होगा और उन्हें ईडीसी जारी कर दिया जाएगा। प्रशिक्षण में सीडीओ रामकृपाल चौधरी, डीडीओ एनडी द्विवेदी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, बीडीओ सदर अमित सिंह आदि संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।