पुलिस हिरासत में मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। 18 दिन पहले सिकंदरपुर में मौरंग व्यापारी के घर लाखों की डकैती के मामले में वांछित 15 हजार के इनामी बदमाश सहित दो को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों के पास से पुलिस को दो तमंचा और कार बरामद हुई है।
कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर 15 अगस्त की रात साढ़े दस बजे के लगभग वह एसआई सुदेश कुमार, एसआई अजब सिंह व एसआई आलोक कुमार सिंह के साथ कमालगंज रोड नंदपुर बार्डर पर गश्त कर रहे थे। पुलिस ने यहां से सिकंदरपुर डकैती में वांछित चल रहे 15 हजार के आरोपी मोहित (निवासी ग्राम महासोनामऊ, थाना बिलग्राम, जनपद हरदोई) व जोगेंद्र उर्फ लंबू (निवासी ग्राम भैंसरोली ,थाना सलेमपुर, जनपद बुलंदशहर)को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। पुलिस को आरोपियों के पास से दो तमंचा, कारतूस व अल्टो कार बरामद हुई।
कोतवाल ने बताया कि दोनों आरोपी 29-30 जुलाई की रात को सिकंदरपुर में मौरंग व्यापारी के घर डकैती की वारदात में शामिल थे। इस मामले में तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया।