फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: दिनदहाड़े चोर घर से 25 लाख के नकदी-जेवर लेकर फरार

विज्ञापन
विज्ञापन
सौरिख (कन्नौज)। दिनदहाड़े मंगलवार को चोर घर में घुस गए और 10 लाख की नकदी व 15 लाख के जेवर लेकर फरार हाे रहे थे। इसी दौरान स्कूल से घर आए छात्र ने विरोध किया तो चोरों ने उसका सिर दीवार में मार दिया। छात्र के बेहोश होने पर चोर फरार हो गए। चोरी की वारदात से क्षेत्र में दहशत है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल की और साक्ष्य एकत्र किए।
विज्ञापन


नगर के मोहल्ला आजाद नगर निवासी राजेंद्र सिंह शाक्य का मकान हैं। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें एक बेटा अमेरिका में नौकरी करता है। एक बेटा हिमाचल प्रदेश में प्रोफेसर है। तीसरा बेटा अंबेश पिता के साथ तहसील गया था। नाती अंश कक्षा चार का छात्र है और वह स्कूल गया था। उनकी पत्नी विद्या देवी मकान में ताला डालकर पड़ोस में बने मकान में बंधी भैंस को पानी पिलाने चली गईं थी। इसी दौरान चोर घर के पीछे से छत पर पहुंचकर नीचे उतर गए। चोरों ने कमरों में घुसकर सामान समेटना शुरू कर दिया।
इसी बीच 11 बजे अंश विद्यालय से घर पहुंचा। ताला पड़ा देख दूसरे मकान में मौजूद विद्या देवी से चाबी लेकर मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचा। कमरे में खटपट की आवाज सुनकर अंश कमरे में दाखिल हुआ। तभी एक चोर ने उसे पकड़कर सिर दीवार पर मार दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद चोर घर में रखी नकदी व जेवर समेट कर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद घर पहुंची विद्या देवी ने नाती को बेहोश और कमरे का सामान बिखरा देख घटना की जानकारी पति राजेंद्र को दी।
विज्ञापन

राजेंद्र ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। दिनदहाड़े हुई चोरी से मोहल्ले में दहशत है। राजेंद्र ने बताया कि चोर 10 लाख नकद और 15 लाख के जेवर उठा ले गए। पुलिस ने छानबीन के बाद चोरों की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। फॉरेंसिक टीम के सहयोग से चोरी के साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
चोरी की सूचना पर जांच करने पहुंचे एएसपी



सौरिख। कस्बे में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना की जानकारी होने पर देर शाम एएसपी अजय कुमार तथा छिबरामऊ सीओ सुरेश मलिक पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने राजेंद्र सिंह के साथ ही परिजनों और नाती अंश से पूछताछ की। एएसपी ने बताया चोरी की सूचना मिली थी, जिसकी जांच चल रही। मोहल्ले तथा तिराहा-चौराहा पर लगे सीसीटीवी को चेक किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें