कन्नौज। आइसक्रीम विक्रेता ने गुुरुवार को फंदा लगा कर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक किराए के मकान में रहकर आइसक्रीम बेचता था। साथ ही वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था।
फर्रुखाबाद जिले के थाना मेरापुर के गांव पखना निवासी 23 वर्षीय आशुतोष सदर कोतवाली की मकरंदनगर चौकी के मोहल्ला मौसमपुर मौरारा निवासी श्यामबिहारी दिवाकर के मकान में किराए पर रह रहा था। वह आइसक्रीम बेचने का काम करता था। बुधवार की देर रात आशुतोष ने कमरे में पंखे के सहारे गमछे का फंदा बनाकर लटक गया। सुबह उसके मोबाइल की लगातार घंटी बज रही थी। तब पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में आशुतोष का शव लटकता मिला। घटना को देख स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। उधर मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौत की वजह को लेकर परिजन अभी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि परिजन भी आत्महत्या का कारण नहीं जान रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है।