चपुन्ना ब्लॉक हसेरन क्षेत्र के ग्राम जरिहापुर स्थित कंपोजिट स्कूल परिसर के ऊपर से एचटी लाइन गुजरी है। जर्जर तारों से अक्सर हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार तार टूटकर नीचे गिरने से बड़ा हादसा टल चुका है। इससे नाराज छात्रों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
कंपोजिट विद्यालय जरिहापुर में 201 बच्चे पंजीकृत हैं। स्कूल परिसर के ऊपर से गुजरी एचटी लाइन के तार काफी जर्जर हो चुके हैं। इससे स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों और शिक्षकों की जान पर खतरा बना रहता है। अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते लाइन को स्कूल परिसर से बाहर नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। प्रधानाध्यापक संदीप त्रिपाठी ने बताया कि एचटी लाइन से छात्रों की सुरक्षा को लेकर विद्युत निगम के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक लाइन को स्थानांतरित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण छात्रों की जान जोखिम में है। प्रदर्शन कर छात्रों ने एचटी लाइन को तत्काल बाहर स्थानांतरित कराने की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। अधीक्षण अभियंता प्रवीन कुमार ने बताया कि स्कूल परिसर के ऊपर से एचटी लाइन गुजरने का मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी। छात्रों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। नियमानुसार कार्रवाई कर लाइन को जल्द हटवाया जाएगा।