छिबरामऊ। होली और रमजान के मद्देनजर रविवार को कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने नगर के संभ्रांत लोगों से दोनों पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने डीजे की आवाज धीमी रखने और निर्धारित समय का पालन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने जानबूझकर किसी पर रंग न डालने और जबरदस्ती से बचने को कहा। ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों। क्षेत्राधिकारी सुरेश मलिक ने बताया कि हुड़दंगियों पर पुलिस की नजर रहेगी। हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। बैठक को पूर्व पालिकाध्यक्ष राजीव दुबे, मोहम्मद कामरान व नरेश वर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छिबरामऊ की गंगा-जमुनी तहजीब हमेशा से मिसाल रही है। इसे कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान कोतवाल विष्णुकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।
अराजकता पर होगी कठोर कार्रवाई
थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने स्पष्ट किया कि कोई भी अराजकता फैलाए, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। इस बैठक में प्रधान प्रतिनिधि शिवकुमार और प्रधान गौरव यादव सहित कई लोग उपस्थित थे। अधिकारियों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता से सहयोग मांगा।
-