तालग्राम (कन्नौज)। कस्बे के कायस्थान मोहल्ले में उल्टी-दस्त से दो सगी बहनों और उसकी बुआ की मौत हो गई। सगी बहनों की मां और बाबा समेत 17 अन्य लोग भी उल्टी-दस्त की चपेट में हैं। दो को फर्रुखाबाद के अस्पताल और तीन मरीजों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया है। इधर, सीएमओ जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं।
कायस्थान निवासी श्यामवीर प्रजापति दिल्ली में प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करते हैं। यहां उनके पिता रामनारायण (60), मां सोनवती, पत्नी पिंकी (35), पुत्री रिया (11), प्रिया (8), रितिका (7) और पुत्र रितिक (2) रहते हैं। रामनारायण के मुताबिक रविवार की सुबह सात बजे रिया को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। कस्बे में ही झोलाछाप के पास रिया को ले जाया गया। शाम को आठ बजे झोलाछाप ने रिया को क्लीनिक से छुट्टी दे दी। रिया के घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही उसकी मां पिंकी और छोटी बहन रितिका को भी उल्टी-दस्त शुरू हो गए। घर पर ही परिजन उपचार कर रहे थे। सोमवार सुबह तीन बजे से चार बजे के बीच कुछ मिनटों के अंतराल में रिया और रितिका ने दम तोड़ दिया। वहीं पिंकी की भी हालत बिगड़ गई। आनन फानन ही रामनारायण, बहू पिंकी को लेकर फर्रुखाबाद के अस्पताल चले गए। वहां पिंकी की हालत गंभीर है। दोपहर बाद रामनारायण को भी उल्टी-दस्त शुरू हो गए और उसका उपचार भी फर्रुखाबाद में चल रहा है।
तालग्राम में सगी बहनों की मौत की जानकारी पर सीएमओ डॉ. विनोद कुमार, एसीएमओ डॉ. बृजेश शुक्ला, एसडीएम छिबरामऊ अशोक कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंशुल पांडेय भी पहुंच गए। इन लोगों ने बच्चियों के परिजनों से जानकारी ली।
कायस्थान में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, यहां 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। इनमें से 12 और लोगों में भी उल्टी-दस्त की शिकायत मिली। बच्चियों के पड़ोस में रहने वाले संजीव की तीन पुत्रियां मानवी (2), जान्हवी (6) और तनु (8) के अलावा इसी मोहल्ले की श्यामवीर की चचेरी बहन उमा (30) भी उल्टी-दस्त से पीड़ित होने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाई गईं, जहां से तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उमा की हालत और गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उमा को कानपुर ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया।
इधर, सीएमओ डॉ. विनोद कुमार का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद वजह स्पष्ट होगी। बच्चियों के घर में मिलीं पूड़ियों, रोटी और मूंग की दाल के नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा पानी के सभी स्रोतों की जांच भी कराई जाएगी।
कन्नौज में उल्टी-दस्त से दम तोड़ने वाली रिया (फाइल फोटो)।- फोटो : KANNAUJ