कन्नौज। 27 जून को तालग्राम के मोहल्ला कायस्थान में सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत की वजह भले ही अभी स्पष्ट न हुई हो, लेकिन जांच के लिए आगरा भेजे गए एक सरकारी हैंडपंप के पानी का नमूना फेल हो गया है। सीएमओ का दावा है कि इसी हैंडपंप का पानी पीने से तीन मौतें हुई थीं और लोग बीमार हो गए थे।
मोहल्ला कायस्थान निवासी श्यामवीर की दो पुत्रियों रीया और रितिका की 26 जून को उल्टी-दस्त से परेशानी हुई थी। 27 जून की सुबह दोनों की मौत हो गई थी, जबकि उसी दिन शाम को इनकी पारिवारिक बुआ उमा की भी उल्टी-दस्त से मौत हो गई थी। इसके बाद यहां लगभग 25 लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित मिले थे। सीएमओ ने संक्रमण का स्रोत पता लगाने के लिए हैंडपंप और पानी की टंकी से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए आगरा भेजे थे। इसकी रिपोर्ट आ गई है। सीएमओ ने बताया कि कायस्थान में जमीर अहमद के मकान के बाहर लगे सरकारी हैंडपंप से लिया गया नमूना फेल हो गया है। यह पानी दूषित माना गया है। इसकी वजह से ही संक्रमण फैला था। टंकी के पानी का नमूना सही पाया गया है। हैंडपंप के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है।