कन्नौज। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात माह में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद सड़कों पर हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। नवंबर के शुरुआती 10 दिनों में जिले में सात सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बाइक सवार बिना हेलमेट फर्राटा भर रहे हैं। वहीं ई-रिक्शा में सवारियां बैठाने के बजाय माल ढुलाई की जा रही है।
यातायात माह के तहत पुलिस और यातायात विभाग की ओर से लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति से वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमों की जानकारी भी दी जा रही है, लेकिन अभियान का असर सड़कों पर दिखाई नहीं दे रहा है। दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट निकल रहे हैं। कई बाइक पर तीन-तीन लोग बैठकर सफर कर रहे हैं।
तेज रफ्तार और लापरवाही भी हादसों की आशंका बढ़ा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर ई-रिक्शा चालक भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। सवारी ढोने के लिए संचालित ई-रिक्शा में सामान लादकर माल ढुलाई की जा रही है। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद ऐसे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है।
जागरूकता अभियान तक सीमित कार्रवाई
यातायात माह में जागरूकता कार्यक्रमों पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन नियम तोड़ने वालों पर सख्ती कितनी हो रही है, यह बड़ा सवाल है। बिना हेलमेट और ओवरलोडिंग के मामले सड़कों पर लगातार दिखाई दे रहे हैं।
कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा के इंतजाम नदारद
तिर्वा। सर्दी की आहट के साथ घने कोहरे का खतरा मंडराने लगा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी लापरवाह बना हुआ है। तिर्वा-बेला, तिर्वा-इंदरगढ़ और खैरनगर-तिर्वा मार्ग पर डिवाइडरों की रेडियम पट्टियां गायब हैं। सफेद पट्टियों की चमक खत्म होने से रात में वाहन चालकों को सड़क और डिवाइडर का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। कोहरे में दृश्यता घटने पर ये बदहाल डिवाइडर बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं। इसके बावजूद रेडियम पट्टियां लगाने और संकेतक दुरुस्त करने की कोई तैयारी नजर नहीं आ रही। लगता है विभाग को सड़क सुरक्षा से ज्यादा किसी बड़े हादसे का इंतजार है।
हादसा एक
हाइवे पर कार-ट्रैक्टर ट्रॉली की भिड़ंत, सास-बहू व बेटी समेत तीन की मौत
कन्नौज। अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर मिरगांवा कट के पास 31 अक्तूबर को कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत हो गई थी। हादसे में सास और बहू की मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी का इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान बेटी ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में एक ही परिवार की तीन महिलाओं की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
-
हादसा दो
नेशनल हाईवे पर कुचलकर युवक की मौत
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव आसकरनपुर्वा निवासी युवक की एक नवंबर की रात सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसका शव नेशनल हाईवे पर पाल चौराहे के पास क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला था। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की वजह और वाहन की पहचान करने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
हादसा तीन
साइकिल चला रहे मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत
आठ नवंबर की रात साइकिल चला रहे एक मासूम को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम छा गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। गांव में भी शोक का माहौल है। तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
वर्जन
दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और ई-रिक्शा से माल ढोने पर भी रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।
- रवि शंकर त्रिपाठी, यातायात प्रभारी