तालग्राम। गांवों में हैंडपंप मरम्मत के नाम पर कागजी कोरम पूरा किया जा रहा है। इसका खामियाजा गर्मियों में ग्रामीणों को भुगतना पड़ेगा। इसकी शिकायत के बाद भी अफसरों की खामोशी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
अमोलर पंचायत में 13 मजरों में लगे 80 फीसदी हैंडपंप खराब हैं। अमोलर मुख्य बाजार में दुकानदारों के सामने लगा हैंडपंप खराब है जबकि छह माह पहले रिबोर कराया गया। इसके बावजूद हैंडपंप से पानी नहीं आ रहा है। मनीष की दुकान के सामने लगा हैंडपंप एक वर्ष से खराब है। राजेश की दुकान के सामने लगा हैंडपंप भी बालू उगल रहा है। वहीं लगा आरओ वाटर सिस्टम भी एक साल से खराब है। ऐसे में अमोलर बाजार में पानी का संकट है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब हैंडपंपों की कागजों में ही मरम्मत कराई जा रही है। बीडीओ मनोज गुप्ता का कहना है कि गांव में खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया जा चुका है। कहीं लापरवाही हो रही है तो सचिव पर कार्रवाई होगी।