ग्राम नौगाईं में आलू की खुदाई करते किसान।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। तीन दिनों से निकल रही गुनगुनी धूप से आलू किसानों ने राहत की सांस ली है। बेमौसम बारिश की आशंका से आलू किसान परेशान थे। भीषण सर्दी और कोहरे के चलते आलू की फसल में झुलसा रोग लग रहा है। इससे क्षेत्र की लगभग बीस फीसदी फसल में नुकसान हुआ है।
दो व तीन जनवरी को बारिश की आशंका से आलू किसान चिंताग्रस्त थे। शनिवार की सुबह आसमान में बादल छाए थे। सूरज की किरणें जमीन पर पड़ीं तो आलू किसानों ने राहत की सांस ली। दोपहर के समय क्षेत्र के कई किसानों ने आलू की खुदाई का कार्य शुरू कर दिया।
किसानों ने बताया कि बारिश हो जाती है तो नुकसान का खतरा बढ़ जाएगा। आलू की फसल को नष्ट होने से बचाने के लिए दो से तीन बार एम-45 का छिड़काव करा चुके हैं। सर्दी व कोहरे के चलते झुलसा रोग लगने से लगभग बीस प्रतिशत आलू की फसल को नुकसान हुआ है। शनिवार को मंडी समिति में 650 रुपये से लेकर 850 तक आलू बिका। हालांकि धूप निकलने से गेहूं की फसल करने वाले किसान संतुष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं।