छिबरामऊ। ग्राम सलेमपुर स्थित मां भगवती महाविद्यालय की छात्रा ने छात्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में एमएससी जंतु विज्ञान में सर्वाधिक अंक लाकर जनपद का नाम प्रदेश में रोशन किया है। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में नेहा यादव को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगीं।
छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र के गुरसहायगंज कोतवाली अंतर्गत ग्राम कटकैया निवासी विकाचंद्र यादव की पुत्री नेहा यादव ने ग्राम सलेमपुर स्थित मां भगवती महाविद्यालय से एमएससी जंतु विज्ञान से परीक्षा दी थी। विश्वविद्यालय की ओर जारी परीक्षा परिणाम में नेहा ने 2300 में से 1891 अंक हासिल किए, जो जन्तु विज्ञान विषय में सर्वाधिक घोषित किए गए हैं। विश्वविद्यालय टॉप करने की जानकारी होते ही छात्रा के परिजनों समेत मां भगवती महाविद्यालय के शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
छात्रा की मां गार्गी यादव व पिता विकास समेत परिजनों व गांवों के लोगों ने मिठाई खिलाकर उपलब्धि हासिल करने के लिए बधाई दी। प्रबंधक सचिन दुबे ने छात्रा को बधाई देते हुए बताया कि इसी महाविद्यालय से नेहा ने बीएससी में 76 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। हाईस्कूल में 88 व इंटरमीडिएट में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। छात्रा को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्वर्गीय हरिनाम सिंह श्रीवास्तव (महमूदाबाद) स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगीं। विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिपाठी, सौरभ शाक्य, मनु दीक्षित, राहुल पाल ने बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।