सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा में विस्फोटक पाउडर का मिलना सुरक्षा में गंभीर चूक है। एनआईए व एटीएस मामले की जांच में जुटी है। इस वजह से अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। कन्नौज के सपा विधायक अनिल दोहरे की सीट पर विस्फोटक होने की बात यह साबित कर रही है कि उनकी सुरक्षा को भी खतरा है। सरकार उन्हें सुरक्षा मुहैया कराए। कन्नौज मेडिकल कालेज में डाक्टरों के इस्तीफा देने के प्रकरण पर कहा कि मेडिकल कालेज व इंजीनियरिंग कालेज चलाना सिर्फ समाजवादी ही जानते हैं। भाजपा सरकार मेडिकल कालेज बंद कर देती है तो सपा की सरकार आने पर इसे फिर से शुरू करा दिया जाएगा।
पूर्व सीएम का काफिला रविवार की शाम 4.50 के करीब औरैया से लखनऊ जाते समय तिर्वा कस्बे में स्व.सपा नेता मुन्ना बाथम के प्रतिष्ठान पर करीब 25 मिनट रुका। यहां उन्होंने कुल्हड़ में चाय पी और मीडिया से रूबरू हुए।
कहा कि लखनऊ में चर्चा है कि बजट व जीएसटी से ध्यान हटाने के लिए एक सोची समझी रणनीति के तहत विधानसभा में विस्फोटक पदार्थ रखवाया गया। देश की सर्वोच्च सुरक्षा संस्था जांच कर रही है। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। कर्जमाफी से प्रदेश के किसानों का कुछ भला होने वाला नहीं है। उन्हें खेतों में अच्छी उपज के लिए पानी, बीज व खाद चाहिए। फसल बिक्री के लिए अच्छी मंडी चाहिए, तभी किसान कर्ज की समस्या से उबर सकेगा।
सपा सरकार के दौरान तिर्वा क्षेत्र में एक्सप्रेस के निकट एक ऐसी ही मंडी के निर्माण का काम शुरू कराया गया था पर भाजपा सरकार ने इसका बजट रोक दिया है। परफ्यूम पार्क का भी बजट रोक दिया गया। कन्नौज मेडिकल कालेज को बजट न मिलने से कैंसर, कार्डियो, पैरामेडिकल शुरू नहीं हो पाए। वेतन न मिलने से मेडिकल कालेज के डाक्टर छोड़कर जा रहे हैं। सपा सरकार के दौरान कई नए मेडिकल कालेज खोले गए। एमसीआई की मान्यता दिलाई गई।
भाजपा अपने कार्यकाल में नया मेडिकल कालेज, इंजीनियरिंग कालेज शुरू करके दिखाए। मेडिकल कालेज चलाना सिर्फ समाजवादी ही जानते हैं। 2022 में सपा फिर सत्ता में आएगी। भाजपा कन्नौज मेडिकल कालेज बंद करती है तो उनकी सरकार आने पर फिर से शुरू करा दिया जाएगा। इस दौरान कन्नौज के पूर्व सांसद प्रदीप यादव, तिर्वा के सपा नेता दिनेश बाथम, मुकेश बाथम, सर्वेश बाथम, अंशुल गुप्ता, इंद्रेश यादव, राजू खान मौजूद रहे।