फोटो :38: जनसभा को संबोधित करते सपा जिला महासचिव डॉ. रामसेवक लोधी। संवाद
फोटो :38: जनसभा को संबोधित करते सपा जिला महासचिव डॉ. रामसेवक लोधी। संवाद
तिर्वा। एक साल से कार्डियोलॉजी अस्पताल के संचालन के लिए पदों के सृजन का प्रस्ताव वित्त मंत्रालय में लंबित है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं पर केवल दिखावा कर रही है, पदों को सृजित करना नहीं चाहती है। यह बात सपा के जिला महासचिव डॉ. रामसेवक लोधी ने आमलिया, नत्थापुरवा में आयोजित जनसभा में कही।
महासचिव ने कहा कि एक ओर सरकार अपराध कम होने का दावा करती है। वहीं, दूसरी ओर लगातार हो रहे एनकाउंटर उसकी कथनी और करनी में अंतर को दर्शाते हैं। नौ वर्षों में पुलिस विभाग ने कई एनकाउंटर किए, जिन्हें सरकार सुरक्षा के नाम पर पेश कर रही है। जब अपराध मुक्त प्रदेश है तो एनकाउंटर किसके हो रहे हैं। किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए कहा कि सरकार औद्योगिक गलियारा के नाम पर कृषि भूमि का अधिग्रहण कर रही है, जिससे न तो उद्योग स्थापित हो पा रहे हैं और न ही खेती सुचारू रूप से हो पा रही है, जिससे किसान भूमिहीन होता चला जा रहा है। उन्होंने इसे “कागजी विकास” करार देते हुए कहा कि वास्तविक विकास के लिए जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है। भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास नजर नहीं आता। जातिवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा मतदाताओं का ध्रुवीकरण कर सत्ता हासिल करती रही है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में जनता विकास के मुद्दे पर वोट करेगी। जनसभा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।