छिबरामऊ। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छिबरामऊ समेत क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों को अब ई-संजीवनी ग्रुप से जोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत मरीजों को अब बड़े शहरों के विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा मिलेगी।
सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कानपुर मेडिकल कॉलेज की टेक्निकल टीम ने पहुंचकर ई-संजीवनी सिस्टम के लिए आवश्यक चिप्स एवं उपकरण इंस्टॉल किए। इस दौरान स्थानीय चिकित्सकों को इसके संचालन और उपयोग की जानकारी भी दी गई। इस पहल के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आरोग्य मंदिर, सौ शैया अस्पताल सहित कई सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों के डॉक्टर इस नेटवर्क से जुड़ेंगे। जरूरत पड़ने पर स्थानीय डॉक्टर कानपुर मेडिकल कॉलेज और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे संपर्क कर मरीज के उपचार के संबंध में सलाह ले सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस सुविधा से गंभीर और जटिल रोगों के मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। साथ ही उन्हें बड़े शहरों के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि ई-संजीवनी प्लेटफॉर्म के माध्यम से विशेषज्ञों की राय मिलने से उपचार की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को समय पर सही इलाज मिल सकेगा।