तालग्राम। दिसंबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू हो गया है। पाला न गिरने से इस बार सब्जी की फसलें अच्छी हो रही हैं। रात में सर्दी और दिन में तेज धूप होने से रोग और माहू व अन्य कीटों का प्रकोप भी नहीं है। अच्छी पैदावार होने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
तालग्राम क्षेत्र के सब्जी उत्पादक किसान रामकुमार कुशवाहा, कल्लू प्रजापति, ओमप्रकाश शाक्य, बादाम सिंह कुशवाहा, धर्मेंद्र शाक्य आदि ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में कोहरा और बारिश होने से फसल प्रभावित हुई थी, लेकिन इस बार मौसम अनुकूल है। अच्छी उपज और सहालग में मांग अधिक होने से अच्छे दाम भी मिल रहे हैं।
गोभी व बंद गोभी की खेती करने वाले अमोलर के किसान अवधेश कश्यप, कलक्टर, रामबाबू आदि ने बताया कि सब्जी की खेती में मेहनत अधिक लगती है। नर्सरी तैयार करने के बाद पौधरोपण किया जाता है। लगभग 70 दिन में फसल तैयार होती है। मौसम बिगड़ते ही पूरी मेहनत और लागत पर पानी फिर जाता है, लेकिन इस बार अभी तक कीट और रोग का प्रकोप नहीं है।
गोभी व बंद गोभी 20 से 25 रुपये प्रति नग के हिसाब से खेत से ही बिक रही है। गाजर और सेमी के भी दाम अच्छे मिल रहे हैं। कृषि तकनीकी सहायक प्रबंधक शिवपाल सिंह ने बताया कि जलवायु परिवर्तन की वजह से मौसम चक्र में 15 से 20 दिन का अंतर आया है।