गुरसहायगंज। झोलाछाप के इलाज से किशोरी की हालत बिगड़ गईं। परिजन उसे कानपुर के निजी अस्पताल ले गए। वहां पर किशोरी आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। पीड़ित पिता ने रविवार को कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी सराय प्रयाग के नरुइया रोड स्थित पलटेपुर्वा निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर बेटी रुचि (15) के पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग गांव में बरगद के पास क्लीनिक चलाने वाले एक झोलाछाप के पास लेकर पहुंचे। आरोप है कि झोलाछाप ने बिना किसी जांच के रुचि को ग्लूकोज की बोतल चढ़ा दी और इंजेक्शन लगा दिए।
इलाज के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे लेकर कानपुर के एक निजी अस्पताल में पहुंचे। वहां पर चिकित्सकों ने आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। परिजनों के मुताबिक डाक्टर उसकी हालत नाजुक बता रहे हैं। इस संबंध में कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।