अलविदा जुमा की नमाज को लेकर शहर में गश्त करती कोतवाली पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घरों और मस्जिदों में अलविदा जुमा की सामूहिक रूप से नमाज अदा करने की आशंका पर सतर्क रहे। कन्नौज, गुरसहायगंज, समधन, छिबरामऊ, तिर्वा इलाकों की मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। लोगों से घरों में रहकर नमाज अदा करने की अपील की गई। अफसरों ने छतों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली। प्रशासन की सख्ती और कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी का पालन कर घरों में अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। रोजेदारों ने नमाज के दौरान देश में अमन-चैन और कोरोना संक्रमण से बचाव की दुआ की। अफसर जिले में भ्रमण कर जायजा लेते रहे।
शुक्रवार सुबह से पुलिस और प्रशासन के अफसर अलविदा जुमा की नमाज को लेकर सतर्क रहे। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए कन्नौज, छिबरामऊ, गुरसहायगंज, तालग्राम, समधन, तिर्वा आदि इलाकों की मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। लोगों से घरों में नमाज अदा करने की अपील की गई थी। नगर पालिका के वाहन से गलियों और बाजार में इस बाबत एनाउंस कराया गया।
खुफिया विभाग और पुलिस ने ड्रोन कैमरे से शहर के चांदनी चौक, लाखन तिराहे, चिरैयागंज समेत कई इलाकों की निगरानी की। डीएम राकेश कुमार मिश्रा, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एएसपी विनोद कुमार, एसडीएम सदर शैलेष कुमार, सीओ श्रीकांत प्रजापति समेत कई अफसर क्षेत्र में भ्रमण कर जायजा लेते रहे। शहर की प्रमुख मस्जिदों के बाहर भी पुलिस बल तैनात रहा। महिला थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी व कला चौकी प्रभारी राजीव कुमार पांडेय ने शहर की गलियों में गश्त किया।