प्रेमपुर (कन्नौज)। आलू बेचने मंडी गए किसान के घर का दरवाजा खुला पाकर चोरों ने नगदी व जेवर पार कर दिए। किसान को घर पहुंचने पर वारदात की जानकारी हुई। सूचना दिए जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
इलाके के सराय गोपाल निवासी जयसीराम पुत्र भीमसेन शाक्य रविवार शाम को आलू बेचने मंडी गए थे। रात में किसी समय लघुशंका के लिए उठे बच्चे से मकान का दरवाजा खुला छूट गया। दरवाजा खुला देखकर चोर अंदर घुस गए। 15 हजार रुपये, चांदी व सोने के जेवर पार कर दिए। वारदात के समय परिजन सोते रहे। देर रात जयसीराम घर लौटे तो मकान का गेट खुला देखकर होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो चोरी की जानकारी हुई। परिजनों ने बताया कि उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी नहीं है। न ही तहरीर मिली है। तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।