टूटे बक्से दिखातीं गृहस्वामिनी श्यामा ।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। इलाके के ग्राम नौगाईं में बुधवार रात चोरों ने घर और मंदिर से नगदी और जेवर पार कर दिए। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नौर्गाइं निवासी बासुदेव दयाल और इनकी पत्नी श्यामा देवी बुधवार रात घर के बाहर के हिस्से में बने बरामदे में सो रही थीं। भतीजा कौशल बाहर के कमरे में था। रात में चोर पीछे के रास्ते घर में पहुंचे। छत का जाल उठाकर नीचे उतर गए। चोरों ने गैलरी में अंदर से कुंडी लगा ली। कमरे में घुसकर बक्सों के ताले तोड़ दिए। कुछ बक्साें को मकान के पीछे खुले हिस्से में फेंक दिया। सुबह श्यामा देवी को गैलरी की कुंडी बंद मिली। भतीजे से कुंडी खुलवाकर वह अंदर आईं। सामान बिखरा देखकर होश उड़ गए।
चोरों ने घर के मंदिर के कमरे का कुंडा भी तोड़ दिया। यहां से दानपात्र उठाकर खेतों में ले गए। इसमें चढ़ावे के लगभग 14 हजार रुपये थे। इन्हें पार कर दिया। जानकारी पर करनौली चौकी इंचार्ज मो. राशिद और फोरेंसिक टीम पहुंच गई। टीम ने नमूने लिए। बासुदेव ने बताया कि मई में बेटे की शादी है। इससे जेवर बनवाए थे। बेटियों के भी जेवर रखे थे। चोर 12 अंगूठी, दो लर, झुमकी, झाले, मंगलसूत्र, पायल, कमरबंध, पीतल के बर्तन और पचास हजार रुपये ले गए। लगभग दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। चोरों ने जेवर चुराने के बाद इनके कवर भूसे के कमरे में फेंक दिए। सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा को जांच में लगाया गया है।
टॉर्च लगाने पर भागे चोर
बासुदेव के घर में मंदिर से चोरी के बाद चोर गांव के बाहर हरिश्चंद्र पुत्र खुशीराम के मकान में उतरे। आहट पाकर खुशीराम के बड़े भाई हरिमोहन की आंख खुल गई। उन्होंने शोर मचा दिया। टॉर्च की रोशनी चोरों की तरफ कर दी। खुद को घिरा समझ चोर कमरे की कुंडी लगाकर भाग गए।