कन्नौज। शरद पूर्णिमा के मौके पर शुक्रवार को जिले भर में धार्मिक आयोजन की धूम रही। कहीं हवन पूजन किया गया तो कहीं सुंदरकांड का पाठ हुआ। जलेसर घाट पर काशी की तर्ज पर मां गंगा की महाआरती उतारकर आस्था के साथ दीपों का दान किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ आला अफसरों ने भी शिरकत की।
नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत जिला गंगा समिति की ओर से शनिवार को पूर्णिमा तिथि पर जलेसर घाट पर हुई मां गंगा की महाआरती कार्यक्रम का जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इससे पहले यहां संगीतमय सुंदरकांड पाठ भी किया गया। काशी से आए पांच पुरोहितों ने वहां की तर्ज पर आरती की। आरती की अद्भुत छटा से वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। आरती के पावन पलों को आंखों में भरने के लिए हर कोई बेताब सा दिखा। आयोजन में हिस्सा लेने पहुंचे लोगों ने जयकारों की गूंज संग दीप दान भी किया। सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद सभी को प्रसाद वितरण भी किया गया। इस दौरान डीएम शुभ्रांत शुक्ल, एसपी अमित कुमार आनंद, सीडीओ आरएन सिंह, एडीएम आशीष सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी के अलावा जिला गंगा समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे।