विकास भवन सभागार में पंचायत सचिवों की बैठक लेते सीडीओ आरएन सिंह समेत अन्य अफसर।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सीडीओ ने सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उमर्दा की सचिव बिना बताए गैरहाजिर रहीं। सीडीओ ने उनका एक दिन का वेतन रोक दिया। लापरवाही पर तीन सचिवों को चेतावनी व 10 सचिवों को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। सुधार न लाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शनिवार को सीडीओ आरएन सिंह ने विकास भवन सभागार में सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन निर्माण की समीक्षा की। बैठक में ब्लाक उमर्दा की सचिव नीलम शर्मा गायब रहीं। इस पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की। डीपीआरओ को एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। ब्लाक उमर्दा व तालग्राम की कई ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली। सीडीओ ने पंचायत सचिव संजय कुमार, गौरीशंकर व रमेश चंद्र को चेतावनी दी।
ब्लाक उमर्दा के राज बहादुर, इंद्रपाल पटेल, अभिनेंद्र सिंह, संभव जैन, मनीषा पटेल व ब्लाक तालग्राम के प्रियांशु, आदिल, शशांक, ओमकार सिंह, जयप्रकाश को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। सीडीओ ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए। इस मौके पर पीडी डीआरडीए सुशील कुमार सिंह, डीपीआरओ जितेंद्र मिश्र समेत कई अफसर मौजूद रहे।