फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: धोखाधड़ी कर बिना रुपये दिए कराया बैनामा, रिपोर्ट दर्ज

Sat, 06 Sep 2025 12:16 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। कम पढ़े लिखे ग्रामीण को बहलाकर आधी की जगह पूरी जमीन का बैनामा करवा लिया। बिक्री की रकम के रूप में दी गई चेक का भुगतान न होने पर जब शिकायत की तो जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि शेष बची आधी जमीन का भी फर्जी बैनामा करा लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन

सदर कोतवाली के नसरापुर निवासी पंचम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि कानपुर नगर के शिवली रोड कल्यानपुर निवासी बादाम सिंह ने अपनी पत्नी मनीषा के नाम सदर तहसील स्थित उसकी जमीन के आधे भाग को खरीदने का सौदा 14 लाख में किया। जब 21 जुलाई 25 को तहसील बैनामा करने गया तो कहा कि नकद लेनदेन नहीं होता है, हम चेक दे रहे हैं, जो कल बैंक में लगाकर पैसा ले लेना।
इसके बाद एक चार लाख की व एक 10 लाख रुपये की बताकर दो चेक दी। 22 जुलाई को जब चार लाख वाली चेक लगाई तो बैंक से भुगतान नहीं हुआ। जब बादाम सिंह ने इस बारे में बताया तो कहने लगा बैंक आ जाओ हम भुगतान करा देंगे। साथ दूसरी वाली चेक लिए आना। आरोप है कि बैंक पहुंचने पर दूसरी चेक मारपीट कर छीन ली।
विज्ञापन

इसके बाद जब बैनामा की कॉपी निकलवाई तो पता चला कि जमीन पांच लाख में लिखाई है और जो चेक 10 लाख की बताई गई, वह एक लाख की थी। इसी बीच सर्वेश दोहरे ने अपनी पत्नी ममता देवी के नाम शेष बची जमीन का बैनामा फर्जी तरीके से करवा लिया। जब बादाम सिंह को इस बारे में बताया तो कहने लगा मुझे दूसरे बैनामा के बारे में जानकारी नहीं है। जो बैनामा हमने कराया है उसकी रकम तुम्हें देंगे। अब उक्त लोग जबरन उसकी जमीन पर कब्जा करने चाहते हैं।
पुलिस ने मनीषा, बादाम सिंह, ममता, सर्वेश दोहरे, अरविंद सिंह सहित बैनामा लेखक वकील व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया मामले की विवेचना कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें