छिबरामऊ। कार को मोड़ने को लेकर हुए विवाद में पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता (राजस्व) तथा उनके पुत्र के साथ रोडवेज के चालकों तथा परिचालकों ने रविवार देर रात गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। लोहे की रॉड से हमला कर अधिवक्ता अमित राजपूत का सिर फाेड़ दिया। पुलिस ने विधायक के हस्तक्षेप के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के पूर्वी बाईपास पर देर रात अधिवक्ता अमित राजपूत का कार मोड़ने को लेकर रोडवेज चालक से विवाद हो गया। उनके साथ बैठे पिता एवं पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता (राजस्व) श्याम कुमार राजपूत भी गाड़ी से नीचे उतरे। तो आसपास खड़े अन्य चालक तथा परिचालक अभद्रता करते हुए गाली देने लगे। मना करने पर मारपीट करने लगे। बस के चालक ने रॉड से अमित पर हमला कर दिया। मारपीट में उनका सिर फट गया।
चालक और परिचालक जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना की जानकारी होते ही तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिला पंचायत सदस्य प्रमोद राजपूत, बार एसोशिएशन के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीवास्तव समेत अन्य अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पूर्व डीजीसी की और उनके बेटे की हालत गंभीर है। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि अधिवक्ता अमित राजपूत की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान की जा रही है।