छिबरामऊ (कन्नौज)। थाना पुलिस ने मोहल्ला ग्रेसीगंज में एक परचून की दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद की है। अवैध रूप से स्टाक की गई आतिशबाजी को पुलिस ने कब्जे में लेकर दुकान स्वामी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है।
नगर के मोहल्ला ग्रेसीगंज निवासी सुरेंद्र पाल पुत्र विश्वनाथ पाल मोहल्ले में ही परचून की दुकान किए हैं। दीपावली के त्योहार को देखते हुए सुरेंद्र ने भारी मात्रा में आतिशबाजी का स्टाक जमा कर रखा था। आसपास के लोगों ने अनहोनी की आशंका को देखते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी थी। रात के समय पुलिस ने दुकान पर छापा मारा। दुकान से लगभग 50 हजार रुपये की आतिशबाजी बरामद हुई। पुलिस ने आतिशबाजी को जब्त कर लिया। सुरेंद्र को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया। दुकान स्वामी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।