कन्नौज। दिवाली को लेकर सभी आकस्मिक सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस विभाग के साथ ही दमकल विभाग भी किसी भी तरह की घटना से निपटने के लिए अलर्ट रहा। एसपी ने 29 अक्तूबर पर अग्निशमन टीम को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए।
प्रकाश के पर्व दिवाली को लेकर शनिवार से अग्निशमन विभाग अलर्ट है। इसके मद्देनजर रविवार को सीएफओ एमपी सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम ने शहर क्षेत्र के साथ ही देहात क्षेत्रों में भी पहुंचकर वहां आग पर काबू पाने के उपायों की जानकारी ली। जिले में लगाए गए पटाखा बिक्री के 18 स्थलों पर अग्निशमन की गाड़ियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं, भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष तौर पर निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही तहसील स्तर पर अतिरिक्त एक-एक फायर टेंडर को तैयार रखा गया है, किसी भी तरह की घटना होने पर सूचना मिलते ही तत्काल पीड़ित व्यक्ति को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सीएफओ ने बताया कि 29 अक्तूबर तक अग्निशमन विभाग अलर्ट रहेगा। किसी भी स्थान पर अवैध ढंग से आतिशबाजी की बिक्री न हो सके। इस लिहाज विभाग के लोग गश्त कर रहे हैं।