गुरसहायगंज। कस्बे में किराये का कमरा लेकर पढ़ाई कर रहे युवक पर युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। शादी की बात कहने पर युवक ने इन्कार कर दिया। पीड़िता ने गुरुवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्बे निवासी 20 वर्षीय युवती ने कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि नवंबर 2022 में निकवा निवासी ऋषभ यादव कन्नौज में पढ़ाई करने के लिए उसके घर में कमरा किराये पर लेने आया था। एक हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर कमरे में वह रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई और बाद में बातचीत बढ़ने पर प्रेम संबंध हो गए।
आरोप है कि युवक ने शादी करने का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया। वहां शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। उसने जब युवक से शादी करने की बात कही तो उसने इन्कार कर दिया। कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।