कन्नौज। पत्नी की यातनाओं व जेल भिजवाने की धमकी से आहत होकर युवक ने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर दिया। इलाज के दौरान 26 जनवरी को युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी व सास सहित अन्य ससुरालीजनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सठियापुर निवासी राकेश ने बताया कि पुत्र अभिषेक का विवाह उन्नाव जिले के थाना बांगरमऊ निवासी नेहा के साथ किया था। नेहा पहले से ही विवाहित है जिसकी एक आठ वर्ष की पुत्री है। बताया कि अभिषेक से विवाह के सात माह बाद तक नेहा ससुराल नहीं आई। इसके बाद ससुराल से जेवरात लेकर फिर मायके चली गई। एक वर्ष बाद भी जब वह नहीं आई तो उसके विरुद्ध परिवार न्यायालय में मुकदमा दर्ज करा दिया।
आरोप है कि 23 जनवरी को नेहा अपनी मां के साथ ससुराल आई और डायल 112 पुलिस बुलाकर पति अभिषेक को जेल भिजवाने की धमकी देने लगी। इससे आहत व परेशान होकर अभिषेक ने कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान 26 जनवरी को अभिषेक ने दम तोड़ दिया। पीड़ित ने बहू नेहा, सर्वेशरी, प्रशांत, उमेशचंद्र, समेत अन्य पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।