पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मंडी समिति में
जिला पंचायत सदस्य व बीडीसी पद का चुनाव कराने को मतदान कर्मियों को
प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डीएम ने प्रशिक्षण लेने वाले कर्मियों की
गैलरी में पहुंचकर उनसे दायित्व पूछे। इस मौके पर जो अपने दायित्वों को
नहीं बता पाए उनको बिंदुवार समझाया गया।
इस दौरान छिबरामऊ की 275 पार्टियों
को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुज कुमार झा
ने कहा कि मतदान के दौरान काफी सावधानी बरतनी है। पंचायत चुनाव काफी
संवेदनशील होता है। कहा कि पंचायत चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की एक-एक
वोट की गिनती होती है।
चुनाव में हर एक वोट उम्मीदवार के लिए महत्वपूर्ण
होता है। तमाम ऐसे उदाहरण हैं, जिनमें बीडीसी एक वोट से विजयी हुए हैं। वोट
डालने को आने वाले वोटर की उम्र में यदि संदेह हो तो वोटर लिस्ट से मिलान
करें। यदि उसमें उम्र अधिक लिखी हुई है, तो मौजूद एजेंटों से उसकी छानबीन
कराएं।
इसके बाद ही उसको वोट डालने की अनुमति प्रदान की जाए। सीडीओ उदयराज
यादव ने कहा कि राशन कार्ड का प्रयोग करके वोट डालने आने वाले वोटरों को
वोट डालने का अधिकार तभी प्रदान किया जाए, जब मुखिया उनके साथ आए और पहिचान
करें।
उन्होंने कहा कि मतदान अधिकारी प्रथम वोट डालने के लिए आने वाले
वोटरों को सबसे पहले तर्जनी के नाखून पर अमिट स्याही को लगाएगा। जब तक वह
अपना वोट डालेगा स्याही सूख जाएगी। इससे वह दोबारा वोट डालने के लिए नहीं आ
सकेगा। मतपेटियों में अलग-अलग रंगों के स्टीकर लगाए जाएंगे, ताकि वोट
डालने आने वाले मतदाता भ्रमित न हो।
उधर, मंडी समिति परिसर में
छिबरामऊ की 275 पार्टियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उनको चुनाव से
संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया। इस दौरान करीब 10
मतदानकर्मी गैर हाजिर रहे। समस्त विभागाध्यक्षों को गैरहाजिर रहने वाले
कर्मियों का स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।