लाख बहोसी पक्षी बिहार की झील को भरने के लिए नाले में निचली गंग नहर के जरिए लगातार आ रहे पानी को न रोकने से झील उफनाने के बाद आसपास हजारों बीघा खेती जलमग्न हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को लाख बहोसी पक्षी बिहार में प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
इसी दौरान वहां पहुंचे वन विभाग के अफसर अजय कुमार का घेराव कर किसानों ने समस्या बताई। इस पर आश्वासन दिया कि जल्द ही पानी बंद कराने की व्यवस्था कराएंगे किसान सत्येंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे राजबहादुर, मंगल सिंह, हरिओम सिंह चौहान, छोटू, पियूष, अंशू आदि किसानों ने मांग की कि नाले में पानी बहाव तत्काल बंद कराया जाए।
सर्वे कराकर उन लोगों को मुआवजा दिया जाए। किसानों ने कहा कि नाले पर अस्थाई लोहे के गेट लगवाए जाएं, ताकि जितनी मात्रा में जरूरत हो उतना ही पानी नाले के जरिए आ सके। मौजूदा समय में लगातार पानी का बहाव जारी रहने से गांव जिनौठी, बहोसी, कुड़ेरीहार, बहादुरपुर, मक्कापुरवा, हरिचंदापुर, फकरपुरा, मंसुखपुरवा, चंदुआहार आदि गांव के खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो रही हैं।