कलक्ट्रेट में धरना, प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिला मुख्यालय से सटे नसरापुर के ग्रामीणों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि मिल्क प्लांट का गंदा पानी गलियों में भरा हुआ है। इसमें जहरीले कीड़े और मच्छर पैदा हो गए हैं। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका है। ग्रामीणों ने डीएम राकेश कुमार मिश्र को प्रार्थना पत्र दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थित मिल्क प्लांट से रोजाना सैकड़ों लीटर गंदा पानी निकलता है। निकास न होने के कारण यह गांव की गलियों और नालियों में भरा है। ग्रामीण रामपाल ने बताया कि गंदे पानी से बदबू आती है। इससे गांव में रहना मुश्किल हो गया है। गंदे पानी में जहरीले कीड़े और मच्छरों का ठिकाना है। इससे गांव में कभी भी संक्रामक बीमारी फैल सकती है। डीएम ने जल्द समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया। इस मौके महावीर प्रसाद, अनीता, अनिल कुमार, निशा देवी, राजेंद्र, बलवीर सिंह, पंकज कुमार और अजय गौतम मौजूद रहे।