छिबरामऊ (कन्नौज)। प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़े युवक ने रविवार को पिता के मना करने पर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सौ शैया अस्पताल ले गए। वहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन किसी तरह की कार्रवाई से इन्कार कर शव को लेकर घर चले गए।
मैनपुरी जिले के थाना बेवर के ग्राम हरजापुर निवासी अरबाज खान (18) ऑटो चलाता था। घर में रखा कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सौ शैया अस्पताल लेकर आए। इलाज के दौरान अरबाज ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में चीखपुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि अरबाज फर्रुखाबाद जिले के एक थाना क्षेत्र निवासी युवती से बीते काफी समय से फोन पर बात किया करता था।
अरबाज ने युवती से शादी करने का प्रस्ताव पिता के सामने रखा था। पिता के शादी से इन्कार करने बाद उसने घर में रखा जहर खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई। अस्पताल में पिता मोहम्मद सलीम समेत भाई अरमान, शमशाद व बहन करिश्मा का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि मामला गैर जिले का है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव घर लेकर चले गए।