कन्नौज। प्रधानमंत्री सम्मान निधि के तहत शुक्रवार को किसानों के बैंक खाते में 22वीं किस्त दो हजार रुपये भेज दी गई। दो हजार रुपये की धनराशि प्राप्त होते ही किसानों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। इससे किसानों को खेती-किसानी में काफी मदद मिलेगी।
विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं किसानों द्वारा देखा व सुना गया। गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मान निधि की धनराशि किसानों के खातों में स्थानांतरित की। जिले में 2,20,068 किसानों का डाटा पोर्टल पर अपलोड किया गया है। इन किसानों के बैंक खातों में 44.01 करोड़ रुपये की धनराशि किसान सम्मान निधि के रूप में प्राप्त हुई है।
तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और कृषि के क्षेत्र में भारत विश्व में अग्रणी स्थान रखता है, जबकि उत्तर प्रदेश देश में कृषि उत्पादन के क्षेत्र में प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इस योजना से प्राप्त धनराशि से किसान खाद, बीज एवं दवाइयों की व्यवस्था कर अपनी खेती को और अधिक सशक्त बना रहे हैं।
उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने बताया कि धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा चुकी है। कार्यक्रम के दौरान 12 लाभार्थी किसानों को मूंगफली की निशुल्क किट तथा नौ किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, ताकि किसान आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकें। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, सीएमओ राम कृपाल चौधरी आदि मौजूद रहे।