ठठिया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर बुधवार की देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दवा लेकर आ रहे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी।
क्षेत्र के ग्राम भुन्ना निवासी असलम (35) खेतीबाड़ी करते थे। परिजनों ने बताया कि असलम बाइक से कानपुर स्थित एक निजी अस्पताल से दवाई लेने गए थे। देर रात बाइक से घर लौटते समय एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड से मकनपुर की ओर से ठठिया आते समय अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। हादसे के बाद असलम गंभीर रूप से घायल हो गए और दम तोड़ दिया।
सुबह राहगीरों की सूचना पर मकनपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। असलम के परिवार में पत्नी रूबी के अलावा दो बेटे और एक बेटी है। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष देवेश पाल ने बताया कि संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना स्थल अन्य थाना क्षेत्र का होने से उसी थाने से विधिक कार्रवाई होगी।