सहकारिता विभाग की ओर से साक्षरता अभियान के तहत सदर ब्लाक क्षेत्र के गांव कासिमपुर में कैंप लगाया गया। इस दौरान किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड, समितियों से कम ब्याज दर पर ऋण व अन्य सुविधाओं का लाभ लेने का आह्वान किया गया।
प्रभारी जिला सहायक निबंधक उमेश कुमार ने कहा कि किसान साधन सहकारी समितियों से जुड़ें। रबी व खरीफ सीजन में खाद व बीज समिति से लें। समय पर ऋण अदा करके सहकारिता विभाग की योजनाओं का लाभ किसान उठा सकते हैं। संयुक्त देयता व स्वयं सहायता समूहों का गठन करके किसान समिति से मामूली दर पर कर्ज ले सकते हैं।
एडीओ शिवमूर्ति पांडेय ने कहा कि सहकारिता विभाग किसानों के हित में तमाम योजनाएं चला रहा है। यदि किसी किसान को समिति पहुंचने पर कोई समस्या आती है तो ब्लाक या विकास भवन स्थित कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सचिवों को किसानों को बेहतर ढंग से शासन से संचालित योजनाओं का लाभ देने के लिए निर्देशित किया गया है।
सहायक विकास अधिकारी शिवशंकर कटियार ने कहा कि सचिव किसानों को विभागीय योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जानकारी दें। किसान जरूरत के वक्त खाद, बीज व ऋण लें और फसल तैयार होने के बाद समिति में बकाया जमा कर दें। ऐसा करने से वे निरंतर सरकारी सुविधाओं के हकदार बने रहेंगे।
प्रभारी वित्तीय साक्षरता केंद्र कन्नौज ताराचंद्र यादव, सचिव बाबूलाल दोहरे, सचिव रामप्रकाश यादव ने कहा कि किसान सहकारी बैंकों में खाते खुलवाएं। केसीसी बनवाएं तो मात्र तीन फीसदी ब्याज ही देना पड़ेगा।