गुरसहायगंज। किसानों से निर्धारित कीमत से अधिक दर पर यूरिया बेचने के मामले में जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता ने मंगलवार को समधन के अनमता खाद बीज भंडार को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने तीन कार्य दिवस के भीतर सभी अभिलेखों सहित उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। समय से संतोषजनक जवाब न मिलने पर दुकानदार की अनुज्ञप्ति निलंबित करते हुए आईएफएमएस आईडी बंद करने की चेतावनी दी गई है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया गया कि किसान यूनियन के अध्यक्ष आनंद तिवारी ने एक वीडियो भेजकर शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया गया कि संबंधित विक्रेता किसानों को निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया उपलब्ध करा रहा है। वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि दुकानदार जानबूझकर यूरिया की अधिक दर वसूल कर रहा है, जो नियंत्रण आदेश 1985 का उल्लंघन है। चेतावनी दी गई है कि यदि दिए गए समय में उचित जवाब नहीं मिला, तो नियमों के तहत दुकान की अनुज्ञप्ति निलंबित कर दी जाएगी तथा आईएफएमएस आईडी भी तत्काल प्रभाव से बंद कर कार्रवाई की जाएगी। किसान यूनियन ने भी इस मामले पर नाराजगी जताते हुए किसानों का शोषण बंद कराने की मांग की है। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसानों को तय दर पर ही उर्वरक उपलब्ध हो सके।