छिबरामऊ (कन्नौज)। अलीगढ़ से लखनऊ फूल बेचने जा रहे किसानों से भरी पिकअप बुधवार सुबह छिबरामऊ में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में एक किसान की मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद तिर्वा राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
अलीगढ़ जिले के खैर थाना क्षेत्र के ग्राम विशनपुरी निवासी धनेश (22) गांव में फूलों की खेती करते थे। मंगलवार की रात आठ बजे वह साथियों के साथ पिकअप से फूल बेचने के लिए लखनऊ जा रहे थे। भोर में छिबरामऊ स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास उनकी पिकअप आगे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को 100 शैया अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने धनेश को मृत घोषित कर दिया। घायल सुरेश (50), चंदन (40), चरण सिंह (45), सोनपाल (42), सुरेंद्र (38) तथा पिकअप चालक लल्ला (27) की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि धनेश अविवाहित थे। वह पांच भाइयों जितेंद्र, विजयपाल, कुंदन, कृष्णा में तीसरे नंबर पर थे। उनकी तीन बहनें गुड्डन, शशि और चुमका हैं। पिता राजवीर अहेरिया और माता कमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।