कन्नौज। तीन साल के मासूम को भूसा लदे लोडर से कुचलने वाले चालक को जमानत मिलने से बच्चे के परिजन काफी नाराज है। परिजन ने सदर तहसील पहुंच कर मंगलवार को हंगामा किया और जीटी रोड पर आ गए, इससे कुछ देर के लिए यातायात अवरुद्ध हुआ। हालांकि पुलिस ने समझा कर जाम खुलवा दिया।
मोहल्ला मौसमपुर अल्हड़ निवासी दीपक का तीन वर्षीय पुत्र जगीरा सोमवार सुबह 10 बजे घर के बाहर खेल रहा था। उसी समय भूसा लादकर जा रहे लोडर ने बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई। इसकी सूचना मिलते ही करीब 25-30 महिला पुरुष तहसील आ गए और आरोपी चालक को जमानत मिलने पर नाराजगी जाहिर की।
परिजन के साथ मोहल्ले के लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया, इससे कुछ देर के लिए आवागमन अवरुद्ध हो गया। हालांकि पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी चालक को तीन साल तक की सजा का प्रावधान है, जिसकी जमानत मंजूर होने पर आवेश में आकर बच्चे के परिजन ने रास्ता रोकने का प्रयास किया था, उन्हें समझा दिया गया है।