शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष के पीडीए सम्मेलन में आधी से ज्यादा कुर्सियां खाली पड़ी रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। इत्रनगरी को सपा का गढ़ कहा जाता है। खास बात तो यह है कि सपा मुखिया कन्नौज के सांसद हैं। इसके बावजूद शनिवार को पार्टी कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष के पीडीए सम्मेलन में भीड़ नहीं जुट सकी थी। अगले ही दिन प्रदेश अध्यक्ष ने जिला कार्यकारिणी की सभी इकाइयों को भंग कर दिया। कार्यकारिणी के भंग होने के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
इत्रनगरी में सपा के 500 से अधिक पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हैं। गांवों में हो रहे पीडीए सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण पहुंच रहे हैं लेकिन जब शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पार्टी कार्यालय पर पीडीए सम्मेलन किया तो पंडाल में आधी से ज्यादा कुर्सियां खाली पड़ी रहीं, जहां कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ता था, वहां सन्नाटा पसरा नजर आया।
इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने काफी नाराज हुए। सूत्रों के अनुसार मंच पर बैठने को लेकर भी पदाधिकारियों में आपसी खींचतान देखने को मिली। उनके सामने ही गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। कई पदाधिकारी कार्यक्रम से नदारद रहे। इससे संगठन की कमजोरी उजागर हो गई। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी पत्र में सभी इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का आदेश दिया गया।
हालांकि, पत्र में भंग करने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन अंदरखाने इसकी वजह पीडीए सम्मेलन की असफलता को माना जा रहा है। अब नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि इस बार सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी।