छिबरामऊ। सौ शैया अस्पताल के निरीक्षण में अव्यवस्थाएं मिलने पर डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शुक्रवार को सीएमएस को फटकार लगाई थी, इसके बावजूद शनिवार को सीएमएस अस्पताल में समय पर नहीं पहुंचे। इसी क्रम में एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सुबह 11 बजे तक रुककर इंतजार किया था पर तब तक सीएमएस अस्पताल नहीं पहुंचे थे।
ग्राम दिलू नगला स्थित सौ शैया अस्पताल में अव्यवस्थाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सुबह आठ बजे ओपीडी शुरू होने के कई घंटे बाद तक सीएमएस डाॅ. सुनील कुमार सिंह अस्पताल नहीं पहुंचे थे। उनके ऑफिस में खाली पड़ी कुर्सी का किसी ने वीडियो बनाकर एसडीएम को भेज दिया। मामले को गंभीरता से लेते एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने नायब तहसीलदार हिमांशु प्रकाश को निरीक्षण के लिए भेज दिया। 10 बजे नायब तहसीलदार अस्पताल पहुंच गए पर सीएमएस नहीं आ पाए थे। इस पर उन्होंने मोबाइल से सीएमएस से वार्ता की तो उन्होंने रास्ते होने की बात कही। तब नायब तहसीलदार ने 11 बजे तक अस्पताल में रुक कर उनका इंतजार किया पर वे नहीं पहुंचे। तब वे लोग लौट गए। एसडीएम ने बताया कि नायब तहसीलदार की जांच रिपोर्ट पर सीएमएस के खिलाफ कार्रवाई के लिए संस्तुति कर डीएम को भेज दी गई है।
नहीं बदला सीएमएस का रवैया
शुक्रवार को ग्राम नगला दिलू स्थित सौ शैया अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। आईसीयू में कबाड़ देख डीएम का पारा चढ़ गया। साथ ही प्रश्नों को संतोषजनक उत्तर न देने पर फटकार लगाई थी। साथ ही एसडीएम को नियमित निगरानी के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी सीएमएस के रवैये में कोई बदलाव नहीं हुआ। शनिवार को भी नायब तहसीलदार को ओपीडी में भारी भीड़ के साथ अव्यवस्थाएं देखने को मिली थीं। इस बारे में सीएमएस का पक्ष जानने के लिए उनको फोन किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।