छिबरामऊ। जीटी रोड के निर्माण में मंडी के बाहर हाईवे के किनारे बन रहे नाले की ऊंचाई अधिक होने से व्यापारियों ने मंडी में जलभराव की आशंका जताई है। व्यापारियों ने मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपकर दो दिन के अंदर समस्या का निराकरण कराए जाने की मांग की है।
शनिवार को गल्ला आलू व्यापारी संघ के अध्यक्ष अनुज गुप्ता जॉनी के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंडी सचिव ब्रजभान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जीटी रोड हाईवे का निर्माण तेजी से चल रहा है। मंडी के बाहर हाईवे के किनारे जो नाला बनाया जा रहा है, वह मंडी की जमीन के लेवल से करीब दो फीट ऊंचा है। इसके कारण बरसात का पानी नाले में जाने की बजाय मंडी परिसर में भरेगा। जलभराव के कारण व्यापारियों व किसानों की फसलें खराब होंगी। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि दो दिन के अंदर समस्या का समाधान कराया जाए नहीं हुआ तो वह आंदोलन के लिए विवश होंगे।
इस दौरान आदेश कुमार गुप्ता, गुड्डन तिवारी, रवि यादव, धर्मेंद्र गुप्ता, शिव कुमार, अनवार जमील, सुबोध कुमार, पंकज प्रसाद दुबे, राजू ठाकुर, पवन यादव, रंजीत सिंह व चंद्रशेखर गुप्ता सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।