कन्नौज। प्रशासन ने शहर में अतिक्रमण अभियान की शुरूआत की। पहले दिन अतिक्रमण हटाने पहुंचे अधिकारियों से दुकानदारों की नोकझोंक हुई। अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए फुटपाथ से अतिक्रमण हटवाया।
शनिवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर नायब तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह और ईओ नीलम चौधरी ने पुलिस बल के साथ शहर के जीटी रोड पर एफएफडीसी से अतिक्रमण अभियान की शुरुआत की। मकरंद नगर तिराहे पर अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों से नोकझोंक हुई। पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित दुकानदारों को शांत कराते हुए दूर हटाया। इसके बाद नगर पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी से टिनशेड और बने पक्के निर्माण को तोड़ दिया। ईओ ने बताया कि शहर में अतिक्रमण अभियान शुरू किया गया है। प्रमुख सड़कों के बाद शहर के अंदर भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।