बिजली समस्या से जूझ रहे लोहियानगर व गांधीनगर के लोग विद्युत विभाग के खिलाफ गुरुवार को सड़क पर उतर आए। हाईवे जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे कोतवाल ने समझाबुझाकर जाम खुलवाया।
संसद शहीद कमलेश कुमारी स्मारक स्थल के पास रखा ट्रांसफार्मर एक माह पहले फुंक गया था। जिससे कस्बे के मोहल्ला लोहियानगर व गांधीनगर में विद्युत आपूर्ति ठप है। मोहल्ले के लोगों ने कई बार विद्युत विभाग को समस्या से अवगत कराया, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
गुरुवार की दोपहर जीटी रोड हाईवे पर महिलाएं आ गईं। महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। जाम से आवागमन ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। पहले तो उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। बात बनते न देख उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद कोतवाल आमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने जाम लगाए लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह जाम खुलवाया। इस दौरान लोगों ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को संबोधित पत्र भेजा। जिसमें कहा गया है कि शहीद स्मारक स्थल के पास उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाया जाए, ताकि विद्युत समस्या से दोनों मोहल्लों के लोगों को निजात मिल सके।