तालग्राम। विद्युत निगम में एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) 2024-25 में पंजीयन के बाद डिफॉल्टर हुए उपभोक्ताओं को बिल जमा करने का एक और मौका दिया है। पंजीयन कराने के बाद तालग्राम उपखंड के 561 डिफॉल्टर हुए उपभोक्ता अब 31 जुलाई तक बकाया जमा कर सकते हैं।
बिजली विभाग ने डिफाल्टर हुए उपभोक्ताओं को दो श्रेणी में रखा है। वे उपभोक्ता है, जिन्होंने एकमुश्त बकाया जमा करने के लिए पंजीकरण कराया और उसके बाद भी जमा नहीं किया। दूसरे वे जिन्होंने किश्तों में भुगतान करने के लिए पंजीकरण कराया था, लेकिन पूरी किश्त जमा नहीं की।
इस तरह डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को बिजली निगम की तरफ से एक और मौका दिया गया है। तय तिथि के अंदर उपभोक्ता उपकेंद्र, विभागीय खंड कार्यालय, कैश काउंटर, जनसेवा केंद्र, विद्युत सखी के माध्यम से बकाया जमा कर सकते हैं।
विभागीय वेबसाइट पर भी बिल भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध है। तालग्राम उपखंड में उपकेंद्र ताहपुर में 65, अमोलर 42, हसेरन 197, किशई जगदीशपुर 58, सरायप्रयाग 38, तालग्राम में 161 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराने के बाद बिल जमा नहीं किया है, जो डिफॉल्टर हो गए हैं।
एसडीओ पंकज कुमार चौधरी का कहना है कि ओटीएस में पंजीयन कराने वालों को छूट देने की तैयारी की गई है। तीन चरणों में बिजली विभाग की तरफ से ओटीएस का संचालन हुआ था। उसमें काफी लोगों ने छूट का लाभ उठाया था।
पंजीयन कराकर किसी कारण न जमा करने वाले अब 31 जुलाई तक वितरण खंड कार्यालय पर जमा कर सकते हैं। इसके बाद भी जमा न करने पर छूट की राशि उनके मूल धनराशि में जोड़ दी जाएगी।