छिबरामऊ। बार एसोसिएशन चुनाव के लिए एल्डर्स कमेटी तैयार है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व महामंत्री को सौंपे पत्र में एल्डर्स कमेटी ने 20 फरवरी तक मतदाता सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को मुंसिफी परिसर में हुई एल्डर्स कमेटी की बैठक में बार एसोसिएशन की ओर से दिए गए पत्र पर विचार विमर्श किया गया। कमेटी के चेयरमैन रमाकांत दीक्षित ने बताया कि 13 फरवरी तक सदस्यता शुल्क जमा न हो पाने के कारण बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा ने समय बढ़ाने की मांग की थी। सर्वसम्मति से 20 फरवरी तक मतदाता सूची एल्डर्स कमेटी को देने का निर्णय लिया गया, जिसका पत्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा तथा महासचिव चंद्रजीत यादव को दे दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ चुनाव की सरगर्मिया तेज होते ही मुंसिफी तथा तहसील परिसर में हलचल तेज हो गई है। संभावित प्रत्याशी अपनी अपनी गोटें बिछाने लगे हैं। बैठक में पूर्व विधायक संतोष चतुर्वेदी, धर्मवीर सिंह यादव, सरोज दुबे मौजूद रहे।