मानीमऊ। हाईवे पार करने में लोगों को अब डर सताने लगा है। पुलिस चौकी सोती रहती है और हादसा हो जाता है। कोई जानकारी देता है तब पुलिस मौके पर पहुंचती है। तीन दिन में सड़क पार करने में तीन मौतें हो चुकी हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। कानपुर में रहने वाले वृद्ध बेटी के घर मियांगंज जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। इससे मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस रुआब झाड़ती आई और शव को जिला अस्पताल भेज दिया।
कानपुर शहर के 10/7 गंगानगर के शैलेंद्रनाथ अवस्थी मानीमऊ क्षेत्र के मियागंज गांव में पुत्री के घर अजय पंडित के यहां जा रहे थे। मियांगंज गांव जाने के लिए जीटी रोड क्राॅस करने लगे, तभी कानपुर की तरफ से तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे शैलेंद्र नाथ अवस्थी की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की जानकारी चौकी पुलिस को दी, लेकिन चौकी पुलिस आधे घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। कार चालक मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि लापरवाह पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिनों के अंदर तीन मौतें
गुरुवार को जीटी रोड क्राॅस करते समय मानीमऊ गांव के हरिशंकर शुक्ला की मौत हो गई थी। शुक्रवार को रेलवे लाइन पार करते समय मकदूमापुर के डीसीएम चालक मो. इरशाद उर्फ पप्पू की मौत हो गई और शनिवार शाम को कानपुर के वृद्ध शैलेंद्रनाथ अवस्थी पुत्री के घर जाते समय कार ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस हादसे का मुख्य कारण जीटी रोड पर फुटओवर ब्रिज नहीं बना है, जिससे लोग हाइवे को पार करते समय हादसों का शिकार हो रहे हैं।