मानीमऊ। देर शाम जीटी रोड पर कार चालक ने साइकिल सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
ग्राम मानीमऊ निवासी 85 वर्षीय हरिशंकर शुक्ला बुधवार शाम साइकिल से ठठिया मार्ग पर बाजार गए थे। वह जब लौट रहे थे, तो जीटी रोड पार करते समय दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में हरिशंकर शुक्ला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई, जबकि कार चालक मय वाहन भाग गया। हादसे की जानकारी पाकर चौकी प्रभारी शेखर सैनी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से कार चालक का पता लगाया जा रहा है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।