तालग्राम(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बिचपुर्वा गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दिल्ली जा रहे देवरिया के युवक की मौत हो गई।
जनपद देवरिया के हेतिमपुर कस्बे के डूमरी एखलस निवासी वेद प्रकाश तिवारी(36) पुत्र आनंद प्रकाश दिल्ली की निजी कपड़ा फैक्टरी में मशीन आपरेटर थे। यह देवरिया से दिल्ली जाने के लिए बाइक से अकेले निकले थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना तालग्राम के बिचपुर्वा गांव के पास गुरुवार सुबह चार बजे के करीब किसी वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर मौत हो गई। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी पर थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल और यूपीडा(उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण) सुरक्षा अधिकारी शशीकांत मिश्रा ने शव को राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा भिजवाया।
मोबाइल नंबर और आधार कार्ड से नाम, पता की जानकारी कर परिजनों को सूचना दी गई। इनमें कोहराम मच गया। वेद प्रकाश हेलमेट लगाए थे। टक्कर के बाद यह सिर से उछल कर दूर गिर गया। सिर में गंभीर चोटें आने से मौत हो गई। परिवार के विक्की ने बताया कि वेदप्रकाश के छह वर्ष का पुत्र पार्थ है।