तिर्वा। स्वच्छ भारत मिशन को गति देने और कस्बे की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से तिर्वा नगर पंचायत ने एक नई पहल की है। बुधवार को नगर पंचायत ने सफाई कर्मियों को 10 ई-रिक्शा सौंपे गए, जिनकी मदद से अब कस्बे के 15 वार्डों से घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र किया जाएगा।
ई-रिक्शाओं की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि कचरे को अलग करने की समस्या भी खत्म हो जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि सौरभ गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर ई-रिक्शा को रवाना किया। उन्होंने बताया कि आधुनिक दौर में सफाई व्यवस्था में भी बदलाव जरूरी है। इस पहल के जरिए सफाई कर्मियों को ज्यादा सुविधा मिलेगी और कस्बे के लोग भी स्वच्छता के महत्व को समझ पाएंगे। उन्होंने कहा कि अब घरों से निकलने वाला गीला और सूखा कूड़ा सीधे अलग-अलग श्रेणियों में डाला जाएगा, जिससे आगे उसके निस्तारण में आसानी होगी। इससे कस्बे में साफ-सफाई की स्थिति और बेहतर बनेगी और कूडा प्रबंधन भी सुगम होगा। सफाई कर्मियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से वार्डों में जाएं और समय पर कूड़ा एकत्र करें, ताकि कहीं भी गंदगी न फैल सके। साथ ही नगरवासियों से भी अपील की गई कि वे गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखें और ई-रिक्शा में निर्धारित डिब्बों में ही डालें। इस दौरान सभासद राजा अवस्थी, दीपक, विकास, पिंकू कठेरिया, आदेश, प्रदीप सहित अन्य सभासद प्रतिनिधि मौजूद रहे।